नई दिल्ली: भारत-अमेरिका संबंधों में जारी तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेहद भरोसेमंद और अमेरिका के नए राजदूत सर्जियो गोर शुक्रवार रात नई दिल्ली पहुंचे। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि भारत वापस आकर बहुत अच्छा लग रहा है और दोनों देशों के लिए आगे बहुत अच्छे मौके हैं।
गोर का भारत आगमन ऐसे समय हुआ है जब दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर बहस तेज है। हाल ही में अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लुटनिक ने दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप को फोन नहीं किया, इसलिए व्यापार समझौता नहीं हो पाया। हालांकि भारत सरकार ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है।
विदेश मंत्रालय ने इस बयान को गलत और तथ्यहीन बताया। मंत्रालय ने साफ किया कि वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच कई बार बातचीत हुई है और व्यापार समेत कई मुद्दों पर चर्चा जारी है।
सर्जियो गोर के सामने सबसे बड़ी चुनौती दोनों देशों के बीच बढ़े तनाव को कम करने की होगी। पिछले कुछ महीनों में द्विपक्षीय रिश्तों पर असर पड़ा है। गोर ट्रंप प्रशासन में एक प्रभावशाली चेहरा रहे हैं। राजदूत बनने से पहले वे व्हाइट हाउस में कार्मिक निदेशक के पद पर कार्यरत थे। ट्रंप ने अगस्त में उनका नाम आगे बढ़ाया था और सीनेट ने अक्तूबर में इसे मंजूरी दी थी।
गोर इससे पहले अक्तूबर 2024 में भी भारत आए थे और छह दिन तक यहां रुके थे। उस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की थी। अब उन्होंने आधिकारिक रूप से अपने पद की जिम्मेदारी संभाल ली है। उनकी प्राथमिकता व्यापार से जुड़ी समस्याओं को सुलझाना और दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के नए रास्ते तलाशना होगी।

