28 C
Mumbai
Sunday, February 15, 2026

आपका भरोसा ही, हमारी विश्वसनीयता !

शीर्षक: विजयपुरा में प्रशिक्षण विमान हादसा, पायलट और प्रशिक्षु सुरक्षित

विजयपुरा जिले में रविवार दोपहर एक विमान हादसा हो गया। कलबुर्गी की रेडबर्ड एविएशन का एक निजी मिनी प्रशिक्षण विमान बाबलेश्वर तालुका के मंगलूरू गांव के पास एक खुले खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के वक्त विमान में सवार कैप्टन कुणाल मल्होत्रा और प्रशिक्षु पायलट गौतम शंकर पी. आर. ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान के जमीन से टकराने से पहले ही खुद को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह रेडबर्ड कंपनी का दो-सीटर ट्रेनिंग विमान था। क्रैश से ठीक पहले दोनों पायलट विमान से बाहर निकलने में सफल रहे। टक्कर के बाद विमान तीन हिस्सों में टूट गया। हादसे में दोनों पायलटों को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत स्थिर है।

जानकारी के मुताबिक, यह सेसना 172 विमान कलबुर्गी से बेलगावी की ओर जा रहा था। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अनुसार, रेडबर्ड फ्लाइंग ट्रेनिंग एकेडमी लिमिटेड का सेसना 172 विमान (रजिस्ट्रेशन VT-EUC, MSN-17265717) बेलगावी हवाई अड्डे से करीब 100 किलोमीटर पूर्व बागलकोट के पास एक खेत में आपातकालीन लैंडिंग करने को मजबूर हुआ।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ईंधन की कमी (फ्यूल स्टार्वेशन) बताया है। मंत्रालय के अनुसार, 1975 में बना यह लगभग 50 साल पुराना सेसना 172 विमान उड़ान से पहले पर्याप्त ईंधन नहीं भरे जाने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हुआ। हालांकि, इस पूरे मामले की विस्तृत जांच अब डीजीसीए और एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) द्वारा की जाएगी। रेडबर्ड एकेडमी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

बताया गया है कि विमान का रेडबर्ड के साथ पंजीकरण मई 2023 में हुआ था। मुख्य पायलट के पास 734 घंटे का उड़ान अनुभव है। एकेडमी के पास कुल 48 विमानों का बेड़ा है और इसकी मान्यता वर्ष 2030 तक वैध है। विमान का निरीक्षण अगस्त 2025 में किया गया था, जिसमें उसे उड़ान के लिए फिट पाया गया था। इसका एयरवर्थनेस सर्टिफिकेट अगस्त 2026 तक मान्य है।

ताजा खबर - (Latest News)

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here