महाराष्ट्र निकाय चुनाव के नतीजों में भाजपा और उसके सहयोगियों की शानदार जीत के बाद सोशल मीडिया पर ‘रसमलाई’ ट्रेंड करने लगा है। इस बीच भाजपा ने इशारों-इशारों में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे पर निशाना साधा है। भाजपा के कई नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘रसमलाई’ की तस्वीरें साझा करते हुए कटाक्ष किया है।
दरअसल, मुंबई में बीएमसी चुनाव के प्रचार के दौरान भाजपा नेता के. अन्नामलाई ने कहा था कि मुंबई केवल महाराष्ट्र का नहीं, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय शहर है। इस बयान पर राज ठाकरे ने अन्नामलाई का मजाक उड़ाते हुए उन्हें ‘रसमलाई’ कह दिया था। हालांकि, चुनावी नतीजों में मनसे को करारी हार का सामना करना पड़ा, जबकि भाजपा और उसके समर्थित उम्मीदवारों ने कई सीटों पर जीत दर्ज की।
बीएमसी में मिली जीत के बाद बंगलूरू मध्य से भाजपा सांसद पीसी मोहन ने एक्स पर ‘रसमलाई’ की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “कुछ रसमलाई मंगवाई।” वहीं, भाजपा युवा मोर्चा की मुंबई इकाई के अध्यक्ष तेजिंदर सिंह तिवाना ने भी ‘रसमलाई’ की तस्वीर के साथ पोस्ट करते हुए लिखा, “मुंबई में नतीजे जीतते हैं, शोर नहीं। धन्यवाद, मुंबई।”
गौरतलब है कि चुनाव प्रचार के दौरान के. अन्नामलाई ने मुंबई में भाजपा उम्मीदवारों के लिए जनसभाएं की थीं और स्थानीय मतदाताओं से संवाद किया था। हालांकि, उनके मुंबई को अंतरराष्ट्रीय शहर बताने वाले बयान ने विवाद खड़ा कर दिया था और कई राजनीतिक दलों ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी।
इसी बयान को लेकर राज ठाकरे ने अन्नामलाई पर तंज कसते हुए उन्हें ‘रसमलाई’ कहा था। अब भाजपा नेताओं की ओर से सोशल मीडिया पर ‘रसमलाई’ की तस्वीरें साझा कर जीत का जश्न मनाना और कटाक्ष करना, उसी पुराने बयान की याद दिला रहा है।
ऑनलाइन ट्रोलिंग और राजनीतिक हमलों के बावजूद अन्नामलाई के समर्थन वाले भाजपा उम्मीदवारों ने चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया। तेजिंदर सिंह तिवाना और योगेश वर्मा ने मालाड वेस्ट के वार्ड 47 और 35 से जीत हासिल की, जबकि दक्षता कवथंकर ने चारकोप के वार्ड 19 से बाजी मारी। अन्नामलाई इन्हीं उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने मुंबई आए थे।
भाजपा नेताओं का कहना है कि चुनावी राजनीति में बयानबाजी से ज्यादा अहम नतीजे होते हैं, और इस बार बीएमसी चुनाव के नतीजों ने यही साबित कर दिया है।

