24 C
Mumbai
Wednesday, December 10, 2025

आपका भरोसा ही, हमारी विश्वसनीयता !

लोकसभा में प्रियंका गांधी का पीएम मोदी पर हमला: बोलीं– नेहरू पर शिकायतें छोड़कर बेरोजगारी-महंगाई पर बात करें

लोकसभा में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम की 150 वर्षों की यात्रा पर हो रही चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बार-बार जवाहरलाल नेहरू की आलोचना करने के बजाय अब देश के मौजूदा और वास्तविक मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए। प्रियंका गांधी ने कहा कि नेहरू को लेकर अगर सरकार के पास जितनी भी शिकायतें, आरोप या अपमान हैं, उनकी पूरी सूची बना ली जाए, चाहे वह 999 हों या 9,999। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर 10, 20 या 40 घंटे की बहस के लिए तैयार है, ताकि इस विषय को एक बार में हमेशा के लिए खत्म किया जा सके।

प्रियंका गांधी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रधानमंत्री को इतिहास में उलझने के बजाय वर्तमान की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज देश का युवा परेशान है, लगातार पेपर लीक हो रहे हैं, नौकरियां नहीं हैं और महंगाई आम आदमी की कमर तोड़ रही है। लेकिन इन मुद्दों से बचने के लिए सरकार बहस को भटकाने का काम कर रही है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार वंदे मातरम जैसी भावनात्मक बहस को भी राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रही है। प्रियंका गांधी ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी बेरोजगारी से टूट रही है, महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं और आरक्षण में मनमानी की जा रही है, लेकिन इन गंभीर मुद्दों पर चर्चा नहीं की जा रही। उन्होंने सरकार को सीधे चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो बेरोजगारी, पेपर लीक और महंगाई पर खुलकर बहस की जाए।

नेहरू की विरासत का बचाव करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगभग 12 वर्षों से सत्ता में हैं, जबकि जवाहरलाल नेहरू ने भी आजादी के संघर्ष में लगभग इतने ही साल जेल में बिताए थे। उन्होंने कहा कि नेहरू ने अपना पूरा जीवन देश की सेवा में लगा दिया और इसी देश के लिए अंतिम सांस ली। प्रियंका गांधी ने कहा कि सांसदों को संसद में जनता के असली मुद्दों पर चर्चा करने के लिए चुना गया है, न कि बार-बार पुराने विवादों को दोहराने के लिए।

ताजा खबर - (Latest News)

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here