महाराष्ट्र के मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने तेलंगाना में समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाए जाने की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस घटना को सामाजिक समानता और प्रगतिशील विचारधारा पर सीधा हमला बताया है। भुजबल ने इस मामले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर तत्काल दखल देने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह घटना छह फरवरी को तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में सामने आई। अमित शाह को भेजे गए पत्र में भुजबल ने कहा कि महात्मा फुले जैसे महापुरुषों को निशाना बनाना लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतांत्रिक समाज में इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
छगन भुजबल ने कहा कि यह घटना समाज सुधार और सामाजिक न्याय की विचारधारा पर जानबूझकर किया गया हमला है। उन्होंने याद दिलाया कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनका योगदान भारतीय समाज के लिए अमूल्य है और उनकी विरासत का अपमान पूरे समाज को आहत करता है।
एनसीपी नेता ने मांग की कि दोषियों को ऐसी कड़ी सजा दी जाए जो भविष्य के लिए मिसाल बने। उन्होंने कहा कि कठोर कार्रवाई से न केवल ऐसी घटनाओं पर रोक लगेगी, बल्कि संविधान में निहित समानता, बंधुत्व और न्याय जैसे मूल्यों की भी रक्षा होगी।

