नई दिल्ली/कोलकाता, 30 मार्च 2026
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की बड़ी सूची जारी कर दी है। पार्टी ने राज्य की कुल 294 सीटों में से 284 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का एलान कर दिया है। इस सूची में सबसे प्रमुख नाम वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी का है, जिन्हें बहरामपुर विधानसभा सीट से मैदान में उतारा गया है। वहीं, मालतीपुर विधानसभा क्षेत्र से मौसम नूर को टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने स्पष्ट कर दिया है कि वह राज्य में पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गढ़ में सेंधमारी के लिए रणनीति तैयार कर ली है।
सबसे अधिक चर्चा भवानीपुर सीट की है, जहाँ कांग्रेस ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ प्रदीप प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा, पार्टी ने हेमताबाद से अनामिका राय, जंगीपुर से मोहम्मद इमरान अली, तूफानगंज से देबेंद्रनाथ और दिनहाटा से हरिहर राय को टिकट दिया है। अन्य प्रमुख उम्मीदवारों में दार्जिलिंग से माधव राय, सुजापुर से अब्दुल हन्नान, दम दम से सुष्मिता बिस्वास, डायमंड हार्बर से गौतम भट्टाचार्य, आसनसोल दक्षिण से सौविक मुखर्जी और आसनसोल उत्तर से प्रसेनजीत पुइतांडी शामिल हैं। पश्चिम बंगाल में इस बार विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को संपन्न होंगे, जबकि मतों की गिनती 4 मई को की जाएगी।
दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक के बाद यह सूची जारी की गई। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल सहित पश्चिम बंगाल के वरिष्ठ नेताओं ने उम्मीदवारों के चयन पर विस्तृत चर्चा की। राज्य प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने पहले ही संकेत दे दिए थे कि पार्टी सभी 294 सीटों पर चुनाव लड़ने का इरादा रखती है और किसी भी क्षेत्र को खाली नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा था कि भवानीपुर में ममता बनर्जी के खिलाफ लड़ने वाला हर उम्मीदवार पार्टी के लिए एक बड़ा चेहरा होगा।

