नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र की शुरुआत से ठीक पहले राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। सिब्बल ने शनिवार को आरोप लगाया कि भाजपा संसद में दो-तिहाई बहुमत का जादुई आंकड़ा हासिल करने के लिए विपक्षी सांसदों की ‘हॉर्स ट्रेडिंग’ (खरीद-फरोख्त) कर रही है, ताकि वह अपनी पसंद के किसी भी विधेयक को बिना किसी रुकावट के पारित करा सके।
विपक्षी दलों में फूट को लेकर उठाए सवाल
समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) से बातचीत में कपिल सिब्बल ने टीएमसी, एनसीपी और शिवसेना में हुई हालिया हलचल का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “भाजपा आखिर हॉर्स ट्रेडिंग क्यों कर रही है? तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसदों ने अपने संसदीय दल का विलय पूर्वोत्तर के एक ऐसे दल में कर दिया, जिसके बारे में पहले किसी ने ज्यादा नहीं सुना था। अब वे संसद में उसी दल के साथ बैठ रहे हैं।” सिब्बल ने दावा किया कि एनसीपी के सात सांसद और शिवसेना के भी कुछ सांसद सत्तापक्ष के साथ खड़े हो गए हैं, जिसका सीधा मकसद संसद में भाजपा की संख्या बढ़ाना है।
मानसून सत्र में आने वाले हैं ये 5 अहम विधेयक
कपिल सिब्बल का यह बयान ऐसे समय आया है जब 20 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक चलने वाले मानसून सत्र में सरकार कई महत्वपूर्ण कानून पेश करने की तैयारी में है। इस चार सप्ताह के सत्र में निम्नलिखित प्रमुख विधेयक पेश किए जा सकते हैं:
- आयकर (संशोधन) विधेयक, 2026
- सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026
- जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026
- राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक, 2026
- सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) विधेयक, 2026
खरगे से मिले सिब्बल, विपक्षी एकजुटता की रणनीति तैयार
इस सियासी घमासान के बीच कपिल सिब्बल शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच आगामी सत्र की रणनीति और बहुचर्चित परिसीमन विधेयक को लेकर गंभीर चर्चा हुई। खरगे ने सिब्बल को 20 जुलाई को संसद भवन में होने वाली विपक्षी दलों की अहम बैठक में शामिल होने का न्योता दिया है, जहां सरकार को घेरने की संयुक्त रणनीति पर अंतिम मुहर लगेगी।

