31 C
Mumbai
Wednesday, September 16, 2026

आपका भरोसा ही, हमारी विश्वसनीयता !

कैफे मोंडेगर समेत चार खाद्य आउटलेट पर एफडीए का डंडा: नियमों के गंभीर उल्लंघन पर लाइसेंस निलंबित

कोलाबा स्थित प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट में मिलीं भारी कमियां, त्योहारों के मद्देनजर चला विशेष जांच अभियान

मुंबई: खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठित प्रतिष्ठानों के खिलाफ महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने कड़ा रुख अपनाया है। विभाग ने दक्षिण मुंबई के ऐतिहासिक और लोकप्रिय कैफे मोंडेगर सहित कुल चार प्रमुख खाद्य आउटलेट्स के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करते हुए उनके संचालन लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए हैं। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजारों और लोकप्रिय खान-पान केंद्रों पर शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विशेष जांच अभियान चलाया गया था।

कैफे मोंडेगर में मिलीं गंभीर खामियां एफडीए के जांच दल ने 12 सितंबर को कोलाबा स्थित मेट्रो हाउस में संचालित कैफे मोंडेगर का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान निर्धारित सुरक्षा दिशानिर्देशों की खुली अवहेलना सामने आई। मानकों के अनुसार गर्म भोजन को 60 डिग्री सेल्सियस से अधिक और ठंडे खाद्य उत्पादों को 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे सुरक्षित तापमान पर संरक्षित किया जाना अनिवार्य है, जिसका पालन नहीं हो रहा था। इसके अलावा खाद्य सामग्रियों को गलत तरीके से डीफ्रॉस्ट करने और पके हुए भोजन को तेजी से ठंडा करने के लिए पर्याप्त तकनीकी व्यवस्था न होने की बात भी दर्ज की गई।

स्वच्छता की अनदेखी से संक्रमण का खतरा निरीक्षण रिपोर्ट के मुताबिक रसोई और परिसर के बुनियादी ढांचे में स्वच्छता संबंधी कई गंभीर खामियां पाई गईं, जिससे खाद्य पदार्थों के दूषित होने का स्पष्ट जोखिम बना हुआ था। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत इन कमियों को जनस्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानते हुए प्रशासन ने निलंबन की कार्रवाई की और सभी कमियां दूर होने तक संचालन पर रोक लगा दी है।

ताजा खबर - (Latest News)

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here