‘फेल प्रोडक्ट’ को लॉन्च करने में पार्टी पर बोझ बना परिवार, विदेशों में भारत को बदनाम करने का लगाया आरोप
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब पूरी दुनिया एक ‘नई व्यवस्था’ की तलाश कर रही है, तब कुछ लोग भारत में ‘अव्यवस्था’ का सपना देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग देश की छवि खराब करने पर तुले हुए हैं। वे विदेश जाते हैं, भारत को बदनाम करते हैं और दूसरे देशों के लोगों से भारत के आंतरिक मामलों में दखल देने की अपील करते हैं।
एक समाचार चैनल के समिट में कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि अपने ‘फेल प्रोडक्ट’ को बार-बार लॉन्च करने की कोशिश में कांग्रेस देश को कितने समय तक दांव पर लगाए रखेगी, यह कोई नहीं जानता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि श्रीहरिकोटा से एक साल में उतने रॉकेट लॉन्च नहीं होते, जितनी बार कांग्रेस एक साल में अपने नेता को लॉन्च करने की नाकाम कोशिश करती है। प्रधानमंत्री ने यह भी जोड़ा कि कांग्रेस का यह परिवार अब खुद अपनी ही पार्टी पर भारी बोझ बन चुका है।

