पारडी थाना क्षेत्र में सोमवार रात हुई सनसनीखेज वारदात; बच्ची के खुलासे के बाद जमा हुई भारी भीड़
नागपुर: महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर के पारडी थाना क्षेत्र से रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। नौ वर्षीय एक मासूम बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर उसका यौन उत्पीड़न करने के आरोपी 35 वर्षीय व्यक्ति की स्थानीय लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को इस पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि की है। कानून हाथ में लेकर की गई इस मॉब लिंचिंग की वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह सनसनीखेज घटना सोमवार रात करीब 8:00 बजे से 9:30 बजे के बीच घटी। पारडी निवासी 35 वर्षीय आरोपी नारायणदास मनमोहनदास वैष्णव ने पास में ही खेल रही नौ साल की मासूम बच्ची को निशाना बनाया। वह बच्ची को अकेला पाकर बहला-फुसलाकर अपने घर के भीतर ले गया। आरोप है कि कमरे के अंदर उसने बच्ची के साथ दरिंदगी करते हुए गंभीर यौन उत्पीड़न किया। किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर घर पहुंची सहमी बच्ची ने आपबीती अपने परिजनों को बताई।
मासूम के साथ हुई इस घिनौनी करतूत की जानकारी मिलते ही पीड़िता के परिजनों के साथ-साथ आसपास के स्थानीय निवासियों का गुस्सा भड़क उठा। देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई और आरोपी के मकान के बाहर सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने आरोपी नारायणदास वैष्णव को पकड़ लिया और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से उसकी बेहरमी से पिटाई शुरू कर दी।
गंभीर रूप से घायल आरोपी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पारडी थाना पुलिस ने स्थिति को जैसे-तैसे नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बच्ची का चिकित्सकीय परीक्षण कराया जा रहा है और मामले में कानून हाथ में लेने वाले लोगों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

