बंगलूरू: पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा का शनिवार को लंबी बीमारी के बाद बंगलूरू के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया सहित देश के कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व पीएम देवेगौड़ा से फोन पर बात कर उन्हें सांत्वना भी दी।
पीएम मोदी ने सादगी और समर्पण को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा जी की पत्नी श्रीमती चेन्नम्मा जी के निधन से गहरा दुख हुआ। वह अपनी सादगी और समाज सेवा के प्रति समर्पण के लिए हमेशा सम्मानित थीं। इस कठिन और दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं देवेगौड़ा जी और उनके पूरे परिवार के साथ हैं। ॐ शांति।”
खरगे बोले- वह परिवार की ‘शांत शक्ति’ थीं
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी चेन्नम्मा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए देवेगौड़ा परिवार के साथ अपने पुराने और आत्मीय संबंधों को याद किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “चेन्नम्मा केवल परिवार की शांत शक्ति ही नहीं थीं, बल्कि गहरी आस्था, विनम्रता और समर्पण की प्रतीक थीं। उनका जीवन इस बात का उदाहरण था कि सार्वजनिक जीवन से दूर रहकर भी त्याग के साथ बड़ा योगदान दिया जा सकता है। ईश्वर परिवार को यह अपूरणीय क्षति सहने की शक्ति दे।”
सीएम सिद्धारमैया ने बताया आदर्श गृहिणी कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दुख जताते हुए कहा कि जनता परिवार का सदस्य होने के नाते उनका इस परिवार से घनिष्ठ संबंध रहा है। उन्होंने कहा, “चेन्नम्मा ने जीवन की हर कठिनाई का साहस से सामना किया। देवेगौड़ा जी के राजनीतिक जीवन के उतार-चढ़ाव के दौरान उन्होंने पूरे परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं और एक आदर्श गृहिणी की भूमिका निभाई।”
उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने भी दी श्रद्धांजलि
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि चेन्नम्मा हमेशा पूर्व पीएम देवेगौड़ा के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में उनकी सबसे मजबूत ताकत बनकर खड़ी रहीं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

