नई दिल्ली: रेलवे ने संसद में बताया कि 1 अप्रैल 2014 से 30 जून 2026 तक 5.56 लाख नियुक्तियां हुईं।
नई दिल्ली: भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। संसद में पेश किए गए आंकड़ों के अनुसार, 1 अप्रैल 2014 से 30 जून 2026 तक भारतीय रेलवे में 5.56 लाख लोगों की नियुक्ति की जा चुकी है। इनमें पिछले करीब ढाई वर्षों के दौरान 54 हजार से अधिक नई भर्तियां शामिल हैं, जो रेलवे में भर्ती प्रक्रिया की रफ्तार बढ़ने का संकेत देती हैं।
इससे पहले अप्रैल 2025 में सरकार ने संसद को बताया था कि 2014-15 से 2023-24 के बीच रेलवे में 5.02 लाख नियुक्तियां हुई थीं। अब जारी नए आंकड़ों से स्पष्ट है कि इसके बाद भी भर्ती प्रक्रिया लगातार जारी रही और हजारों नए अभ्यर्थियों को रोजगार मिला।
वहीं, सरकार ने तुलना के लिए बताया कि 2004-05 से 2013-14 के बीच भारतीय रेलवे में कुल 4.11 लाख नियुक्तियां हुई थीं।
वार्षिक भर्ती कैलेंडर से भर्ती प्रक्रिया हुई तेज
रेल मंत्रालय ने वर्ष 2024 से ग्रुप-सी भर्ती के लिए वार्षिक भर्ती कैलेंडर लागू किया है। इसका उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को नियमित, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है ताकि परीक्षाओं की तारीख पहले से तय हो और अभ्यर्थियों का लंबा इंतजार समाप्त हो।
नई व्यवस्था के तहत 2024, 2025 और 2026 में कुल 1,61,889 गैर-राजपत्रित (नॉन-गजेटेड) पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। मंत्रालय का कहना है कि इससे चयन प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी होगी।
रेलवे भर्ती में रिकॉर्ड स्तर की प्रतिस्पर्धा
रेलवे की नौकरियों के प्रति युवाओं का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2024 में 92,116 पदों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा में लगभग 3.58 करोड़ अभ्यर्थी शामिल हुए। यानी औसतन एक पद के लिए 389 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला हुआ।
वहीं, केवल लेवल-1 भर्ती परीक्षा में ही 1.08 करोड़ से अधिक अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
RPF SI भर्ती में सबसे अधिक प्रतिस्पर्धा
वर्ष 2024 में सबसे कड़ी प्रतिस्पर्धा रेलवे सुरक्षा बल (RPF) सब-इंस्पेक्टर भर्ती में देखने को मिली। इस भर्ती में केवल 452 पद थे, जबकि 15.35 लाख उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। यानी एक पद के लिए लगभग 3,400 उम्मीदवार मैदान में थे।
इसी तरह NTPC अंडरग्रेजुएट भर्ती में भी औसतन 1,837 उम्मीदवार प्रति पद के हिसाब से प्रतिस्पर्धा दर्ज की गई।
2025 में भी बरकरार रहा युवाओं का उत्साह
रेल मंत्रालय के अनुसार, वर्ष 2025 में 29,775 पदों के लिए आयोजित पहले चरण की भर्ती परीक्षा में करीब 90.96 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान औसतन एक पद के लिए 306 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला रहा।
सबसे अधिक प्रतिस्पर्धा सेक्शन कंट्रोलर पद पर रही, जहां 368 रिक्तियों के लिए करीब 4.33 लाख उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। यानी एक पद पर लगभग 1,179 उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की।
2026 में 17,803 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी
रेल मंत्रालय ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक तीन नई भर्ती अधिसूचनाएं जारी की जा चुकी हैं। इनके माध्यम से कुल 17,803 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है।
इनमें शामिल हैं:
- 11,127 पद – असिस्टेंट लोको पायलट (ALP)
- 6,557 पद – टेक्नीशियन
- 119 पद – सेक्शन कंट्रोलर
मंत्रालय के अनुसार, इन भर्तियों के नोटिफिकेशन मार्च से जून 2026 के बीच जारी किए गए हैं। इसलिए इन परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या का आधिकारिक आंकड़ा फिलहाल उपलब्ध नहीं है।

