34 C
Mumbai
Sunday, May 31, 2026

आपका भरोसा ही, हमारी विश्वसनीयता !

बंगाल में भाजपा सरकार का दूसरा चरण: सोमवार को होगा मंत्रिमंडल विस्तार, 35 नए चेहरे लेंगे मंत्री पद की शपथ; रेस में कई दिग्गज

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार के गठन का दूसरा सबसे महत्वपूर्ण चरण सोमवार को पूरा होने जा रहा है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार का पहला बड़ा मंत्रिमंडल विस्तार (Cabinet Expansion) सोमवार को तय हुआ है, जिसमें 35 नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। गौरतलब है कि भाजपा ने राज्य की 294 सदस्यीय विधानसभा में ऐतिहासिक स्पष्ट बहुमत हासिल कर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 15 साल पुराने शासन को उखाड़ फेंका है, जिसके बाद 9 मई को शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की कमान संभाली थी।

मंत्रिमंडल में इन दिग्गजों और नए चेहरों की चर्चा तेज

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस नए मंत्रिमंडल विस्तार में क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों का विशेष ध्यान रखा गया है। उत्तर बंगाल से विधायक निशीथ प्रमाणिक को पहले ही कैबिनेट में जगह मिलने और कूचबिहार-दक्षिण के विधायक रथींद्र बोस को विधानसभा अध्यक्ष (Speaker) बनाए जाने के बाद, अब इस क्षेत्र के दो अन्य कद्दावर विधायकों— दीपक बर्मन और शंकर घोष को भी मंत्री पद से नवाजा जा सकता है।

पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों का दावा है कि इस प्रस्तावित विस्तार में कम से कम दो या उससे अधिक महिला चेहरों को कैबिनेट में शामिल किया जाना तय है। इसके अलावा, ग्लैमर जगत से जुड़े चेहरों पर भी दांव लगाया जा सकता है, जिसमें एक प्रसिद्ध अभिनेत्री और अभिनेता से राजनेता बने रुद्रनील घोष का नाम रेस में सबसे आगे चल रहा है।

बुद्धिजीवियों और पत्रकारों को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी

बंगाल के बौद्धिक वर्ग को साधने के लिए भाजपा पत्रकारिता से राजनीति के गलियारों में आए दो बड़े नामों— स्वपन दासगुप्ता और जगन्नाथ चट्टोपाध्याय को सरकार में अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी सौंप सकती है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पूर्व राज्यसभा सांसद स्वपन दासगुप्ता को उनकी विद्वत्ता को देखते हुए राज्य का अगला उच्च शिक्षा मंत्री (Higher Education Minister) बनाया जा सकता है।

ब्रिगेड परेड ग्राउंड में हुआ था ऐतिहासिक शपथ ग्रहण

आपको बता दें कि 9 मई को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित एक भव्य और विशाल समारोह में राज्यपाल आर. एन. रवि ने शुभेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई थी। उस समय उनके साथ केवल पांच वरिष्ठ नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली थी, जिनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, खुदीराम टुडू और निसिथ प्रमाणिक शामिल थे। सोमवार को होने वाले इस नए विस्तार के बाद शुभेंदु कैबिनेट को उसका पूर्ण और अंतिम स्वरूप मिल जाएगा।

ताजा खबर - (Latest News)

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here