पुणे के सरकारी पॉलिटेक्निक में विवाद: मनसे नेता अमित ठाकरे समेत कई कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज
पुणे: महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेना (MNVS) के अध्यक्ष अमित राज ठाकरे और 20 से 25 अज्ञात पदाधिकारियों, छात्रों व पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुणे के गणेशखिंड स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में कथित घटना को लेकर प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।
पुणे के चतुःश्रृंगी पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, यह घटना सोमवार दोपहर 12:30 बजे से 1:15 बजे के बीच हुई, जब अमित ठाकरे अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ कथित तौर पर कॉलेज प्रशासन की पूर्व अनुमति के बिना कार्यालय कक्ष में दाखिल हुए।
कार्यालय में घुसकर पीएम की तस्वीर हटाने और धमकी देने का आरोप कॉलेज के अधिकारी एवं शिकायतकर्ता डॉ. राजेंद्र काशीराम पाटिल ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि मनसे कार्यकर्ताओं के समूह ने कार्यालय में जबरन प्रवेश किया और वहां दीवार पर लगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को कथित तौर पर हटा दिया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस दौरान समूह में शामिल लोगों ने शिकायतकर्ता और उनके साथी कर्मचारियों के साथ अनुचित व्यवहार करते हुए उन्हें धमकाया तथा कुछ समय तक कार्यालय के भीतर अनधिकृत रूप से डटे रहे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।

