27 C
Mumbai
Sunday, March 29, 2026

आपका भरोसा ही, हमारी विश्वसनीयता !

JDS के पुरुष कार्यकर्ता के यौन शोषण मामले में घिरे सूरज रेवन्ना, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

Array

कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने रविवार को बताया कि जेडीएस एमएलसी सूरज रेवन्ना के खिलाफ एक पुरुष पार्टी कार्यकर्ता के कथित यौन शोषण की जांच सीआईडी को सौंप दी गई है। पूर्व सांसद प्रज्ज्वल रेवन्ना के भाई सूरज रेवन्ना को हासन में ‘अप्राकृतिक यौन शोषण’ के आरोप में गिरफ्तार किया गया। कुछ दिन पहले एक पार्टी कार्यकर्ता का कथित यौन शोषण करने के आरोप में सूरज रेवन्ना पर शनिवार को मामला दर्ज किया गया। इस मामले में सूरज के खिलाफ ‘अप्राकृतिक अपराध’ सहित आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

रविवार देर शाम को ही सूरज रेवन्ना को विशेष अदालत के सामने पेश किया गया। यहां कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बताया गया है कि सीआईडी कल कोर्ट में कस्टडी लेने के लिए आवेदन दाखिल कर सकती है। सुनवाई की अगली तारीख छह जुलाई तय की गई है। 

सूरज रेवन्ना द्वारा अपने परिवार के खिलाफ साजिश का आरोप लगाने पर परमेश्वर ने कहा, ‘शिकायत आई है, इसके आधार पर कानून के अनुसार जो भी कार्रवाई की जानी है, वह की जा रही है। इसके अलावा मुझे किसी राजनीतिक साजिश के बारे में पता नहीं है, जिसका उन्होंने आरोप लगाया है।’ पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक के कार्यालय से हासन के पुलिस महानिदेशक और पुलिस अधीक्षक को भेजे गए संदेश में कहा गया है, ‘हासन जिले के होलेनरसिपुरा ग्रामीण पुलिस स्टेशन में धारा 377, 342, 506, 34 आईपीसी के तहत दर्ज मामले को तत्काल प्रभाव से आगे की जांच के लिए सीआईडी को सौंप दिया गया है। मामले की फाइल को आगे की जांच के लिए तुरंत सीआईडी को सौंप दिया जाना चाहिए।’

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सूरज से हासन में साइबर इकोनॉमिक एंड नारकोटिक्स (सीईएन) अपराध पुलिस स्टेशन में रात भर पूछताछ की गई, जिसके बाद रविवार सुबह उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उन्हें मेडिकल जांच के लिए हसन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एचआईएमएस) ले जाया गया। 

पार्टी कार्यकर्ता के यौन शोषण का आरोप
गौरतलब है कि 27 वर्षीय एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत की थी कि होलेनरसिपुरा के विधायक एच डी रेवन्ना के सबसे बड़े बेटे सूरज रेवन्ना ने 16 जून को घन्नीकाड़ा स्थित अपने फार्महाउस में उसका यौन शोषण किया। शिकायत के आधार पर होलेनरसिपुरा पुलिस ने शनिवार देर शाम जेडीएस एमएलसी के खिलाफ आईपीसी की धारा 377 (अप्राकृतिक अपराध), 342 (गलत तरीके से बंधक बनाना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया। हालांकि, पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा के पोते और केंद्रीय मंत्री एच डी कुमारस्वामी के भतीजे सूरज रेवन्ना (37) ने आरोपों का खंडन किया है। सूरज ने यह भी आरोप लगाया था कि व्यक्ति ने उनसे 5 करोड़ रुपये की जबरन वसूली के लिए उनके खिलाफ झूठी शिकायत दर्ज कराई थी। शुक्रवार को पुलिस ने सूरज रेवन्ना के करीबी सहयोगी शिवकुमार की शिकायत पर जेडीएस कार्यकर्ता के खिलाफ भी जबरन वसूली का मामला दर्ज किया। शिवकुमार ने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ता सूरज रेवन्ना के खिलाफ यौन उत्पीड़न का झूठा मामला दर्ज करने की धमकी देकर उनसे पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहा है।

भाई प्रज्ज्वल रेवन्ना भी कई महिलाओं के यौन उत्पीड़न के आरोप में जेल में बंद
उल्लेखनीय है कि सूरज के भाई और हासन के पूर्व सांसद प्रज्ज्वल रेवन्ना कई महिलाओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में पुलिस हिरासत में हैं और पिछले महीने जर्मनी से लौटने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया था। प्रज्ज्वल के खिलाफ बलात्कार और धमकी के मामले दर्ज हैं। उनके पिता एच डी रेवन्ना और मां भवानी जमानत पर बाहर हैं। उन पर अपने बेटे प्रज्ज्वल के यौन उत्पीड़न की कथित पीड़िता का अपहरण करने और उसे अपने पास बंधक बनाकर रखने का आरोप है।

ताजा खबर - (Latest News)

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here