ओडिशा से लौह अयस्क लेकर सिंगापुर जा रहा था पनामा का जहाज, अधिकांश क्रू सदस्य चीनी नागरिक
भुवनेश्वर: ओडिशा के पारादीप तट से लगभग 240 नॉटिकल मील दूर बंगाल की खाड़ी में शनिवार को पनामा के झंडे वाला एक मालवाहक जहाज अचानक डूब गया। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस जहाज पर कुल 24 क्रू सदस्य सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही भारतीय तटरक्षक बल (ICG) और भारतीय नौसेना ने संयुक्त रूप से बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह मालवाहक जहाज शुक्रवार को ओडिशा के तट से लौह अयस्क (आयरन ओर) लादकर सिंगापुर के लिए रवाना हुआ था। शनिवार को गहरे समुद्र में यह अनियंत्रित होकर डूबने लगा, जिसके तुरंत बाद समुद्री आपातकालीन नेटवर्क के जरिए अलर्ट जारी किया गया।
चीनी नागरिकों की संख्या अधिक, तलाश जारी एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जहाज पर मौजूद 24 सदस्यों में से अधिकांश चीनी नागरिक थे। हादसे के तुरंत बाद आसपास के समुद्री क्षेत्र में मौजूद अन्य व्यापारिक जहाजों को भी मदद के लिए सतर्क किया गया है।
तटरक्षक बल और नौसेना का संयुक्त रेस्क्यू फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितने सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, लेकिन नौसेना और तटरक्षक बल के जहाज व विमान लापता क्रू सदस्यों की तलाश में जुटे हुए हैं। भारतीय अधिकारियों की पहली प्राथमिकता समुद्र में फंसे सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालना है।

