नेहरू से लेकर मोदी तक के खान-पान और आदतों का सफर, मंजुल पब्लिशिंग हाउस से प्रकाशित हुई पुस्तक
नई दिल्ली: किसी भी प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व को समझने के लिए केवल उनकी राजनीति और कूटनीतिक फैसलों को जानना ही काफी नहीं होता, बल्कि उनकी पसंद की थाली और रोजमर्रा की आदतें भी उनके जीवन के कई अनछुए पहलुओं को उजागर करती हैं। वरिष्ठ पत्रकार पुरबी श्रीधर और संघिता सिंह की नई पुस्तक ‘द प्राइम मिनिस्टर्स टेबल’ में देश के प्रधानमंत्रियों की निजी जिंदगी, खान-पान, परिवार और रसोई से जुड़े ऐसे ही कई रोचक प्रसंग सामने आए हैं।
मंजुल पब्लिशिंग हाउस से प्रकाशित इस पुस्तक में पंडित जवाहरलाल नेहरू से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक के जीवन के उन मानवीय और व्यक्तिगत पहलुओं को सहेजा गया है, जो सामान्यतः राजनीतिक जीवनियों में देखने को नहीं मिलते।
अंताक्षरी से लेकर बर्तन धोने तक के घरेलू प्रसंग किताब में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का एक दिलचस्प किस्सा दर्ज है, जिसमें वे अपने डॉक्टर के साथ अंताक्षरी खेलते हुए नजर आती हैं। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के विदेश में बिताए शुरुआती दिनों का जिक्र करते हुए बताया गया है कि वे अपनी पत्नी की बर्तन धोने में मदद किया करते थे, जो उनके सरल और सहयोगी स्वभाव को दर्शाता है।
वाजपेयी की पसंदीदा चाट और पीएम मोदी की खिचड़ी रेसिपी पुस्तक के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को ताज महल होटल के तले हुए झींगे और लखनऊ की मशहूर चाट बेहद पसंद थी। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ा एक प्रेरक वाकया भी शामिल है, जिसमें उन्होंने भाजपा के एक स्थानीय कार्यकर्ता की पत्नी को स्वादिष्ट साबूदाना खिचड़ी बनाने की विधि समझाई थी। यह किताब प्रधानमंत्रियों को सत्ता और पद से परे एक आम इंसान, पारिवारिक सदस्य और आत्मीय मेजबान के रूप में प्रस्तुत करती है।

