उद्धव ठाकरे और शरद पवार से बातचीत के बाद कालीघाट पहुंचीं डीएमके सांसद, बंद कमरे में हुई अहम चर्चा
कोलकाता: विपक्षी गठबंधन के विभिन्न दलों के बीच जारी मतभेदों और बदलते राजनीतिक परिदृश्य के बीच क्षेत्रीय दलों की सक्रियता अचानक बढ़ गई है। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) की वरिष्ठ नेता और लोकसभा सांसद कनिमोझी ने गुरुवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो ममता बनर्जी से उनके कोलकाता स्थित आवास पर मुलाकात की। कनिमोझी द्वारा हाल ही में महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे और शरद पवार जैसे प्रमुख विपक्षी नेताओं से मुलाकात किए जाने के बाद, इस बैठक को राष्ट्रीय राजनीति में नए समीकरणों की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।
कालीघाट स्थित आवास पर बंद कमरे में हुई लंबी चर्चा टीएमसी के एक वरिष्ठ नेता ने जानकारी दी कि सांसद कनिमोझी गुरुवार को दक्षिण कोलकाता के कालीघाट स्थित ममता बनर्जी के आवास पर पहुंचीं, जहां दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में काफी देर तक बैठक चली। दोनों शीर्ष नेताओं के बीच राष्ट्रीय राजनीति, विपक्षी समन्वय और समसामयिक मुद्दों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ।
क्षेत्रीय क्षत्रपों की लामबंदी से अटकलें तेज उल्लेखनीय है कि कनिमोझी पिछले कुछ दिनों से लगातार विभिन्न क्षेत्रीय दलों के शीर्ष नेतृत्व से संपर्क साध रही हैं। ममता बनर्जी से पूर्व उन्होंने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार के साथ भी गहन राजनीतिक संवाद किया था। विपक्षी खेमे के भीतर आंतरिक मतभेदों की खबरों के बीच क्षेत्रीय दलों के प्रमुखों की इस बढ़ती सक्रियता और सीधी बातचीत ने सियासी गलियारों में एक नए राजनीतिक मोर्चे या रणनीति की चर्चाओं को हवा दे दी है।

