28.7 C
Mumbai
Saturday, July 18, 2026

आपका भरोसा ही, हमारी विश्वसनीयता !

फीफा वर्ल्ड कप फाइनल के लिए देर रात तक खुलेंगे बार? होटल एसोसिएशन ने महाराष्ट्र सरकार से मांगी अनुमति

मुंबई: फीफा विश्व कप का फाइनल देखने की उम्मीद कर रहे फुटबॉल प्रेमियों को इस बार देर रात तक मैच देखने की बड़ी राहत मिल सकती है। ‘द होटल एंड रेस्तरां एसोसिएशन (वेस्टर्न इंडिया)’ यानी एचआरएडब्ल्यूआई (HRAWI) ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर 20 जुलाई की तड़के 3.30 बजे तक बार और परमिट रूम खुले रखने की अनुमति मांगी है। यह मांग इसलिए की गई है ताकि प्रशंसक बिना किसी रुकावट के लाइव प्रसारण का आनंद ले सकें।

सुरक्षित माहौल और व्यापार को बढ़ावा देने की दलील

एसोसिएशन के अध्यक्ष जिमी शॉ ने बताया कि ग्राहकों और फुटबॉल प्रेमियों की भारी मांग के बाद यह कदम उठाया गया है। लाइसेंस वाले स्थानों को देर रात तक खोलने की मंजूरी मिलने से प्रशंसकों को किसी असुरक्षित जगह पर जाने के बजाय एक सुरक्षित, व्यवस्थित और व्यावसायिक माहौल मिलेगा। इसके साथ ही इस वैश्विक खेल आयोजन से पर्यटन और होटल कारोबार को भी बड़ा आर्थिक बढ़ावा मिलेगा।

अन्य राज्यों के फैसलों का दिया हवाला

एसोसिएशन के प्रवक्ता प्रदीप शेट्टी ने कहा कि मौजूदा पाबंदियों के कारण अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के दौरान वे मेहमानों को सेवाएं नहीं दे पाते हैं। एसोसिएशन ने सरकार को याद दिलाया कि पिछले फीफा वर्ल्ड कप के दौरान कर्नाटक और असम ने भी कानून-व्यवस्था का पालन कराते हुए होटल-रेस्तरां को इसी तरह की छूट दी थी। इसी तर्ज पर गोवा, गुजरात, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सरकारों को भी मांग पत्र सौंपे गए हैं।

नियमों के पालन का दिया भरोसा

होटल एसोसिएशन ने राज्य सरकार को आश्वस्त किया है कि यदि अनुमति मिलती है, तो सभी संस्थान पुलिस के निर्देशों, सुरक्षा मानकों, भीड़ प्रबंधन और शोर नियंत्रण के नियमों का पूरी तरह पालन करेंगे। फिलहाल महाराष्ट्र सरकार ने इस प्रस्ताव पर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है। फुटबॉल प्रेमियों की नजरें अब सरकार के जवाब पर टिकी हैं।

ताजा खबर - (Latest News)

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here