मीरामार में दोपहर 3 बजे जुटेंगे प्रभावित लोग, हेल्पलाइन नंबर जारी कर जनता से मांगी प्रतिक्रिया
पणजी: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मंगलवार को गोवा के मीरामार स्थित विवांता बैंक्वेट हॉल में ई20 (E20) पेट्रोल नीति के खिलाफ अपना दूसरा टाउन हॉल आयोजित करेंगे। दोपहर तीन बजे होने वाले इस कार्यक्रम में ई20 पेट्रोल के इस्तेमाल से प्रभावित आम नागरिक और वाहन चालक अपने अनुभव व परेशानियां साझा करेंगे। केजरीवाल ने जनता से इस मुद्दे पर एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील करते हुए एक व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर (7669803441) भी जारी किया है।
सोमवार को गोवा में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान केजरीवाल ने आरोप लगाया कि 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के उपयोग से गाड़ियों के माइलेज में गिरावट आ रही है और वाहनों के इंजन व फ्यूल सिस्टम तेजी से खराब हो रहे हैं।
गन्ना डाइवर्ट करने से चीनी की कीमतों में उछाल का आरोप केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि लगभग 25 लाख टन चीनी के बराबर गन्ने को इथेनॉल उत्पादन के लिए डाइवर्ट कर दिया गया है, जिसके चलते घरेलू बाजार में चीनी की कीमतें 45 रुपये से बढ़कर 70 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि नीति लागू करने से पहले चीनी की घरेलू उपलब्धता और संभावित कमी के असर का उचित आकलन क्यों नहीं किया गया।
विदेशी मुद्रा बचत के दावे पर पलटवार आप संयोजक ने कहा कि सरकार का तर्क था कि इथेनॉल मिश्रण से कच्चे तेल के आयात में कमी आएगी और विदेशी मुद्रा की बचत होगी, लेकिन अब उसी विदेशी मुद्रा का इस्तेमाल मक्का और चीनी के आयात में करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बिना दूरगामी परिणामों पर विचार किए इस नीति को जनता पर थोप दिया है, जिससे एक तरफ महंगाई बढ़ी है और दूसरी तरफ लोगों के वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।

