ईवीएम की जगह मतपत्रों से चुनाव कराने की मांग दोहराई, बोले- लगातार गलतियां हुईं तो सड़कों पर उतरेगी जनता
मुंबई: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे ने बुधवार को कहा कि अगले दो से पांच महीनों के भीतर देश में बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिल सकता है। मुंबई प्रेस क्लब में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि सरकार लगातार गलतियां करती रही तो उन्हें आश्चर्य नहीं होगा, अगर पूरा देश विरोध में सड़कों पर उतर आए। राज ठाकरे से उनके चचेरे भाई और शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे के उस बयान को लेकर सवाल किया गया था, जिसमें उन्होंने अगले साल अप्रैल तक देश में सत्ता परिवर्तन होने का दावा किया था। इसके जवाब में राज ठाकरे ने अगले दो से पांच महीनों में बड़े राजनीतिक घटनाक्रम की संभावना जताई।
उन्होंने चुनावों में ईवीएम के बजाय मतपत्रों से मतदान कराने की मांग को एक बार फिर दोहराया। राज ठाकरे ने कहा कि चुनावों में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए। हमारे पड़ोसी देशों में भी बैलेट पेपर से ही वोटिंग होती है। फ्रांस में एक व्यक्ति की आपत्ति के बाद इस प्रक्रिया को रोक दिया गया था। मशीनों से वोटिंग बहुत जल्दी हो जाती है, लेकिन आखिर इतनी जल्दी में वोटिंग कराने की क्या जरूरत है? उन्होंने आगे कहा कि अगले दो-चार महीनों में देश में कुछ बहुत बड़ा होने वाला है, बस देखते जाइए। अब कई बातें खुलकर सामने आएंगी और यह सिलसिला रुकने वाला नहीं है। अगर आने वाले महीनों में पूरा देश सड़कों पर उतर आए, तो उन्हें कोई हैरानी नहीं होगी।

