न्यूयॉर्क: ऑस्कर विजेता हॉलीवुड एक्ट्रेस ऐनी हैथवे ने 43 साल की उम्र में अपनी तीसरी प्रेग्नेंसी के भावुक सफर को साझा किया है। अपनी आगामी फिल्म ‘द ओडिसी’ के न्यूयॉर्क प्रीमियर के दौरान एक्ट्रेस ने बताया कि उन्हें और उनके पति एडम शुल्मन को इस उम्र में तीसरे बच्चे की बेहद कम उम्मीद थी, इसलिए वे इस प्रेग्नेंसी को ‘आखिरी पल में मिली सफलता’ और एक बड़ा आशीर्वाद मानते हैं।
‘जब उम्र बढ़ती है, तो उम्मीद सिर्फ 1 से 2% रह जाती है’
‘द पीपल’ मैगजीन से बातचीत में ऐनी हैथवे ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “जब तक उम्मीद पूरी तरह खत्म नहीं हो जाती, तब तक आस बनी रहती है। लेकिन जब आप एक खास उम्र (43 वर्ष) में पहुंच जाते हैं, तो वह उम्मीद केवल 1 से 2 प्रतिशत जैसी ही रह जाती है। हमने बस यह देखने का फैसला किया था कि जिंदगी हमें कहां ले जाती है। हमने असलियत को स्वीकार करते हुए बहुत कम उम्मीद रखी थी।”
इस मौके के लिए ईश्वर की बेहद शुक्रगुजार हैं ऐनी
ऐनी हैथवे ने इस प्रेग्नेंसी को अपने परिवार के लिए एक बड़ा चमत्कार बताया। उन्होंने कहा, “हम बहुत खुश और शुक्रगुजार हैं क्योंकि हम अपने निजी अनुभव से जानते हैं कि हर किसी को यह मौका नहीं मिलता—खासकर तब जब आप इसे दिल से चाहते हैं। कभी-कभी तो यह मौका लोगों को कभी मिल ही नहीं पाता। हम इस पल को बिल्कुल भी हल्के में नहीं ले रहे हैं।”
दो बेटों की मां हैं ऐनी हैथवे
ऐनी हैथवे और उनके पति एडम शुल्मन की शादी साल 2012 में हुई थी। यह जोड़ा पहले से ही दो बेटों के माता-पिता है, जिनमें बड़े बेटे जोनाथन की उम्र 10 साल और छोटे बेटे जैक की उम्र 6 साल है। अब उनके घर में जल्द ही तीसरे नन्हे मेहमान की किलकारी गूंजने वाली है।
इंस्टाग्राम पर अनोखे अंदाज में किया था एलान
‘द डेविल वेयर्स प्राडा 2’ की एक्ट्रेस ने बीते 19 जून को एक इंस्टाग्राम वीडियो के जरिए अपनी प्रेग्नेंसी की आधिकारिक घोषणा की थी। उस वीडियो क्लिप में हैथवे ने एक ढीली सफेद ड्रेस पहनी हुई थी और बैकग्राउंड में बारबरा लुईस का मशहूर गाना ‘बेबी आई एम योर्स’ बज रहा था, जिसके साथ उन्होंने पहली बार अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट किया था।

