30 C
Mumbai
Saturday, April 27, 2024

आपका भरोसा ही, हमारी विश्वसनीयता !

तेरे सिर पर डाल दूं ये केमिकल, यमुना नदी साफ करने गए अधिकारी से BJP सांसद प्रवेश वर्मा ने की बदसलूकी

पश्चिमी दिल्ली सीट से भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा अपनी बेकाबू जबान को लेकर फिर सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार भाजपा सांसद का एक सरकारी अधिकारी से बदसलूकी करने का वीडियो सामने आया है। वहीं, आम आदमी पार्टी ने भाजपा नेताओं पर छठ पूजा के काम को रोकने और अधिकारियों से बदसलूकी और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है।

राजधानी दिल्ली में छठ पूजा से पहले यमुना नदी में तैरते झागों को लेकर भाजपा एक बार फिर दिल्ली सरकार पर हमलावर हो गई है। भाजपा भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल सरकार पर यमुना के पानी में केमिकल डालकर उसे जहरीला करने का अरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, यमुना नदी की सतह पर तैरते झागों को खत्म करने के लिए दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) के अधिकारियों द्वारा नदी के पानी की सतह पर केमिकल के छिड़काव किया जा रहा है। शुक्रवार को जब प्रवेश वर्मा को यह बात पता चली तो वह अपने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ एक घाट पर पहुंच गए। सांसद पर आरोप है कि उन्होंने अधिकारियों को धमकाते हुए तू-तड़ाक की भाषा में बात की और काम रोकने को कहा।

डीजेबी के उपाध्यक्ष और ‘आप’ विधायक सौरभ भारद्वाज ने शुक्रवार को दो वीडियो ट्वीट किए हैं जिनमें प्रवेश वर्मा एक अधिकारी से बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा अधिकारी से कहते दिख रहे हैं कि ये केमिकल मैं तेरे सिर पर डाल दूं। बेशर्म घटिया आदमी यहां आकर बकवास कर रहा है। तू इस केमिकल में डुबकी लगाकर दिखा।

वहीं, एक दूसरे वीडियो में स्थानीय पूर्वांचली लोगों ने दिल्ली सरकार के अफसरों को धमकाने पर भाजपा नेता प्रवेश वर्मा और तजिंदर पाल सिंह बग्गा को टोकते हुए उनसे बहस करते दिखे और उन्हें जमकर खरी-खरी सुनाई।

हालांकि, एक टीवी चैनल से बात करते हुए प्रवेश वर्मा ने अपनी सफाई में कहा कि दिल्ली सरकार के अधिकारी जो यमुना पहले से गंदी है उसमें केमिकल डाल रहे थे। कल ही छठ है, उसमें माता बहनें डुबकी लगाएंगी। उनकी जान को खतरा होगा। मैंने पूछा कि 8 साल से आप कहां थे। उन्होंने कहा कि आज ही आदेश मिला है। कल आपकी माता बहन यदि यहां डुबकी लगाएं तो आपको गुस्सा आएगा या नहीं। अगर वो माता-बहनों के जीवन के साथ खिलवाड़ करेंगे तो गुस्सा आएगा या नहीं। मैंने कहा कि आपके सिर पर डालकर दिखाऊं। आप इस पानी में डुबकी लगा सकते हैं।

पिछले साल भी छठ पर यमुना में दिखे थे झाग

गौरतलब है कि पिछले साल, यमुना नदी की ऐसी वीडियो और तस्वीरें सामने आई थी जिनमें दिख रहा था कि छठ के दौरान श्रद्धालु झाग से भरी यमुना में पूजा कर रहे थे। इसके बाद ‘आप’ और भाजपा के बीच राजनीतिक खींचतान शुरू हो गई थी। फिर दिल्ली सरकार ने झाग को दूर करने के लिए बांस की जाली लगाने और पानी के छिड़काव जैसे उपाय किए थे।

केंद्र ने इस महीने की शुरुआत में एनएमसीजी, ऊपरी यमुना नदी बोर्ड (यूवाईआरबी), उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग, दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी), दिल्ली सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति के अधिकारियों की एक संयुक्त समिति का गठन किया था। इसका काम छठ पूजा के दौरान यमुना में ओखला बैराज के बाद झाग को नियंत्रित और न्यूनतम करने के लिए समन्वित प्रयास करना है।  

ताजा खबर - (Latest News)

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here