पुरानी रंजिश के चलते पूर्व ड्राइवर ने रची थी साजिश, आयकर विभाग के असली इंस्पेक्टर और टैक्स असिस्टेंट भी थे शामिल
मुंबई: अंधेरी इलाके में बॉलीवुड फिल्म ‘स्पेशल 26’ की तर्ज पर एक कारोबारी के दफ्तर पर फर्जी आयकर छापा मारकर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस सनसनीखेज मामले में फर्जी अधिकारियों के साथ आयकर विभाग के असली इंस्पेक्टर और टैक्स असिस्टेंट भी शामिल पाए गए हैं। अंधेरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के मास्टरमाइंड पूर्व ड्राइवर, तीन महिलाओं और आयकर विभाग के दो कर्मचारियों समेत सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुरानी रंजिश और बकाया वेतन विवाद से उपजी साजिश
डीसीपी दत्ता नलावड़े के अनुसार, यह पूरी साजिश पुरानी रंजिश और बदले की भावना से रची गई थी। शिकायतकर्ता राजकुमार कंडासामी (49) अंधेरी में अपना कार्यालय संचालित करते हैं। मुख्य आरोपी संतोष उदय खोपटकर (37) पहले कंडासामी के यहां ड्राइवर के रूप में कार्यरत था। किसी विवाद के चलते संतोष को छह महीने का वेतन दिए बिना नौकरी से निकाल दिया गया था।
दफ्तर की अंदरूनी जानकारी का उठाया फायदा
नौकरी से निकाले जाने का बदला लेने और मोटी रकम ऐंठने के मकसद से संतोष ने दफ्तर की अंदरूनी कार्यप्रणाली और वित्तीय गतिविधियों की जानकारी का इस्तेमाल किया। उसने कुछ पुरुषों, महिलाओं और आयकर विभाग के दो सेवारत कर्मचारियों के साथ मिलकर गिरोह तैयार किया। गिरोह ने योजनाबद्ध तरीके से दफ्तर पर छापा मारा और कार्रवाई का डर दिखाकर एक करोड़ रुपये की भारी-भरकम रंगदारी की मांग की। कारोबारी की शिकायत पर अंधेरी पुलिस ने जाल बिछाकर सभी संलिप्त आरोपियों को दबोच लिया और आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

