विदेश मंत्री एस. जयशंकर और नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन ने नई दिल्ली में की पहली रणनीतिक संवाद बैठक की सह-अध्यक्षता
भारत और नीदरलैंड के बीच रणनीतिक साझेदारी अब नए क्षेत्रों तक पहुंच रही है। दोनों देशों के बीच पहले जल प्रबंधन, कृषि और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सहयोग था, लेकिन अब इसमें तकनीक, सेमीकंडक्टर, रक्षा और नवीकरणीय ऊर्जा भी शामिल हो गए हैं। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने रविवार को नई दिल्ली में नीदरलैंड के विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसन के साथ पहली रणनीतिक संवाद बैठक की सह-अध्यक्षता की। इस दौरान दोनों देशों के संबंधों की समीक्षा की गई और भविष्य में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
एस. जयशंकर ने टॉम बेरेंडसन और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि इस साल दोनों नेताओं की यह छठी मुलाकात है। उन्होंने इसे भारत और नीदरलैंड के बीच मजबूत होते रिश्तों का अच्छा संकेत बताया। जयशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीदरलैंड यात्रा के बाद दोनों देशों के संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा करने और आगे की दिशा तय करने के लिए यह बैठक अहम है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने अपने रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया है और इसके लिए तैयार की गई रूपरेखा आगे बढ़ने का रास्ता दिखाती है।

