सर्बिया के फिल्म निर्माता एमिर कुस्टुरिका को दिए इंटरव्यू में पुतिन ने रखे विचार, क्रेमलिन ने जारी किया बातचीत का विवरण
क्रेमलिन की ओर से जारी विवरण के अनुसार, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सर्बिया के फिल्म निर्माता एमिर कुस्टुरिका को दिए एक इंटरव्यू में भारत की प्राचीन सभ्यता और यहां बोली जाने वाली विभिन्न भाषाओं की तारीफ की है। पुतिन ने कहा कि भारत की सभ्यता दुनिया की सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक है और इसके बारे में जितना ज्यादा जानते हैं, उनकी दिलचस्पी उतनी ही बढ़ती जाती है। उन्होंने भारत की भाषाई विविधता को भी हैरान करने वाला बताया। पुतिन की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब भारत और रूस के बीच लंबे समय से राजनीतिक, रक्षा और आर्थिक संबंध बने हुए हैं।
इंटरव्यू के दौरान पुतिन ने बताया कि जैसे-जैसे वह भारत के बारे में अधिक जानकारी हासिल कर रहे हैं, वैसे-वैसे उनकी रुचि भी बढ़ रही है। इस बातचीत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई एक चर्चा का किस्सा भी साझा किया। पुतिन के मुताबिक, उन्होंने मोदी से पूछा था कि भारत में कितने लोग मुख्य भाषा बोलते हैं। इस पर मोदी ने उन्हें बताया था कि करीब 60 करोड़ लोग मुख्य भाषा बोलते हैं, जबकि देश की कुल आबादी लगभग 150 करोड़ है और बाकी दो-तिहाई लोग अपनी-अपनी भाषाओं का इस्तेमाल करते हैं। पुतिन ने इस विविधता पर हैरानी जताते हुए कहा कि क्या यह आश्चर्यजनक नहीं है।

