30 C
Mumbai
Thursday, May 7, 2026

आपका भरोसा ही, हमारी विश्वसनीयता !

मुंबई के ताज और ट्राइडेंट होटल को उड़ाने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार; राजस्थान में भी बम अलर्ट

Array

मुंबई/बीकानेर: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के दो सबसे प्रतिष्ठित होटलों, ताज पैलेस और ट्राइडेंट को बुधवार को आतंकी हमले की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, मुंबई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी ओर, राजस्थान के कई जिलों में भी बम की धमकियों के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

मुंबई: नशे की हालत में किया था कॉल

बुधवार सुबह एक अज्ञात कॉलर ने ताज और ट्राइडेंट होटल में फोन कर दावा किया कि इन दोनों स्थानों पर आतंकवादी हमला होने वाला है। होटल प्रबंधन की सूचना पर मुंबई पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDS) और डॉग स्क्वॉड ने तुरंत मोर्चा संभाला और सघन तलाशी अभियान चलाया।

पुलिस की तकनीकी टीम ने कॉलर को ट्रैक किया और मुंबई के सायन इलाके से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि आरोपी हाउसकीपिंग का काम करता है और उसने शराब के नशे में तथा घरेलू विवाद से परेशान होकर यह कॉल किया था। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

राजस्थान: कलेक्ट्रेट और विधानसभा निशाने पर

इसी दौरान राजस्थान के बीकानेर और बारां जिला कलेक्ट्रेट को भी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। ईमेल में चेतावनी दी गई थी कि परिसर में ‘मानव बम’ का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें कुछ अजीबोगरीब शर्तें भी लिखी थीं, जैसे लाल रंग के कपड़े पहनने वालों के प्रवेश पर पादबंदी।

धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कलेक्ट्रेट और आसपास की इमारतों को खाली कराया। राज्य के दौसा और अलवर में भी पासपोर्ट केंद्रों और सरकारी दफ्तरों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उल्लेखनीय है कि राजस्थान विधानसभा को भी हाल ही में तीसरी बार इसी तरह का धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ है।

देशभर में धमकियों का सिलसिला

केवल मुंबई और राजस्थान ही नहीं, बल्कि दिल्ली और पंजाब में भी इसी तरह की घटनाएं सामने आई हैं:

  • दिल्ली: दिल्ली मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली।
  • पटियाला: एक निजी स्कूल को ईमेल के जरिए उड़ाने की चेतावनी दी गई, जिसके बाद बच्चों की छुट्टी कर दी गई।
  • उदयपुर: कोर्ट परिसर को बम की सूचना के बाद खाली कराया गया।

सुरक्षा एजेंसियों का बयान: सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि हालांकि इनमें से अधिकतर धमकियां ‘होक्स’ (फर्जी) साबित हो रही हैं, लेकिन किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सभी प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

ताजा खबर - (Latest News)

Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here