मुज़फ़्फ़राबाद: पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर की राजधानी मुज़फ़्फ़राबाद के गोजरा क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ के एक निजी कॉलेज के प्रिंसिपल हमज़ा बुरहान की उनके ही कॉलेज के सामने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई।
डीएसपी इश्तियाक गिलानी ने बीबीसी को बताया कि कॉलेज के बाहर हुए इस जानलेवा हमले में प्रिंसिपल हमज़ा बुरहान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत नजदीकी कंबाइंड मिलिट्री हॉस्पिटल (CMH) ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें – तमिलनाडु में बड़ा राजनीतिक उलटफेर: TVK सरकार के कैबिनेट में शामिल होगी VCK, दलित नेता वन्नी अरासु बनेंगे मंत्री
कॉलेज के बाहर पीठ और सिर में मारी गोली
पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब हमज़ा बुरहान अपने कुछ दोस्तों के साथ कॉलेज से बाहर आए थे। दोस्तों से बातचीत खत्म करने के बाद जैसे ही वह वापस कॉलेज के अंदर जाने लगे, हमलावर ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस ने बताया, “पहले हमज़ा की पीठ में गोली मारी गई, जिसके बाद और गोलियां चलाई गईं। इनमें से एक गोली उनके सिर में जा लगी, जो उनके लिए जानलेवा साबित हुई।”
हमलावर अब्दुल्ला कमाल गिरफ़्तार, होटल में ठहरा था
वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब्दुल्ला कमाल नाम के एक संदिग्ध शख़्स को हिरासत में ले लिया है। डीएसपी इश्तियाक गिलानी ने बताया कि कथित हमलावर पाकिस्तानी पंजाब के वाह कैंट का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि वह रविवार को ही वाह कैंट से मुज़फ़्फ़राबाद आया था और यहाँ के एक स्थानीय होटल में रुका हुआ था। पुलिस अब हत्या के असल कारणों की जांच कर रही है।
भारतीय प्रशासित कश्मीर से पलायन कर आए थे हमज़ा
गुरुवार को हमज़ा बुरहान के गंभीर रूप से घायल होने की ख़बरों के बाद जब बीबीसी ने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया, तो डीएसपी इश्तियाक गिलानी ने एक बड़ा खुलासा किया। उन्होंने पुष्टि की कि मृतक हमज़ा बुरहान मूल रूप से मुज़फ़्फ़राबाद के निवासी थे, लेकिन वह पहले भारतीय प्रशासित कश्मीर से पलायन (Migrate) करके यहाँ आए थे। इस हाई-प्रोफाइल मर्डर के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।

