दोनों देशों की साझेदारी केवल नेताओं तक सीमित नहीं, जनता से जुड़ा है अटूट बंधन: महावाणिज्यदूत यानिव रेवाच
मुंबई: 15 अगस्त की पूर्व संध्या पर महाराष्ट्र सरकार द्वारा आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस्राइली महावाणिज्यदूत और अन्य विदेशी राजनयिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर इस्राइल के महावाणिज्यदूत यानिव रेवाच ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा आमंत्रित किया जाना उनके लिए बड़े सम्मान की बात है। उन्होंने पूरे भारत और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
यानिव रेवाच ने कहा कि भारत और इस्राइल के बीच संबंध केवल शीर्ष नेतृत्व तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों की जनता के बीच भी बेहद मजबूत और गहरा जुड़ाव है। दोनों देश सांस्कृतिक सहयोग के साथ-साथ कृषि और जल प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में मिलकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने यह भी साझा किया कि इस्राइल में छत्रपति शिवाजी महाराज की एक भव्य प्रतिमा स्थापित की जा रही है, जिसका उद्घाटन आगामी कुछ महीनों में होगा।
इसी कार्यक्रम के दौरान इस्राइल की उप महावाणिज्यदूत अविशाग हेफर ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि भारत में यह उनका दूसरा स्वतंत्रता दिवस है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में मुंबई की ऊर्जा और रफ्तार से तालमेल बिठाने में समय लगा, लेकिन अब इस खास अवसर पर यहां मौजूद होकर उन्हें बेहद खुशी और गर्व की अनुभूति हो रही है।

