नई दिल्ली। महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर संसद में एक बार फिर सियासी घमासान के आसार हैं। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कैबिनेट बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी। सरकार की योजना लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करने की है। प्रस्ताव के मुताबिक, सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी की जा सकती है, जबकि राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखने का प्रस्ताव है।
2029 के चुनाव से पहले महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का लक्ष्य
इसका मकसद 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का रास्ता तैयार करना है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से होगी। सरकार को विधेयक पारित कराने के लिए दोनों सदनों में विशेष बहुमत की जरूरत होगी।

