सिद्धार्थ कन्नन के इंटरव्यू में छलका दर्द, बोले- ‘बहन के परिवार के लिए पिता ने 37 की उम्र में की शादी’
मुंबई: टीवी के सबसे चर्चित और लोकप्रिय शो ‘सीआईडी’ (CID) में ‘इंस्पेक्टर दया’ का यादगार किरदार निभाने वाले अभिनेता दयानंद शेट्टी एक हालिया इंटरव्यू में अपने पिता को याद करते हुए बेहद भावुक हो गए। पिता के जीवन संघर्ष, त्याग और उनकी सादगी को याद करते हुए उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत के दौरान दयानंद ने बताया कि उनके पिता कभी सिनेमा हॉल में फिल्में देखने नहीं जाते थे, लेकिन रात 9:30 बजे टीवी पर ‘सीआईडी’ देखना कभी नहीं भूलते थे।
बहन के बच्चों के लिए देर से की शादी पिता के जीवन के कठिन दौर को याद करते हुए अभिनेता ने कहा, “मेरे ख्याल से वे काफी अनलकी इंसान थे। उन्होंने जिंदगी में बहुत संघर्ष किया। मेरी एक बुआ थीं, जिनके पति उन्हें छोड़कर चले गए थे। पिता जी ने बुआ के बच्चों की पूरी परवरिश और पढ़ाई-लिखाई की जिम्मेदारी उठाई। उस दौर में अगर बहन का परिवार सैटल होने से पहले भाई शादी कर ले, तो उसे अपराध माना जाता था। इसी जिम्मेदारी के कारण उन्होंने लगभग 37 साल की उम्र में बहुत देर से शादी की।”
‘दिल के साफ थे, इसलिए बिजनेस में हुआ घाटा’ पिता के होटल व्यवसाय का जिक्र करते हुए दयानंद ने बताया कि वे कभी मुनाफे के पीछे नहीं भागे। उन्होंने कहा, “पिता जी एक अच्छे बिजनेसमैन नहीं बन पाए क्योंकि वे हर चीज में नफा-नुकसान नहीं तौलते थे। उनका मानना था कि अगर कोई ग्राहक पैसे देकर चाय पी रहा है तो उसका पेट भरना चाहिए और वह खुश होना चाहिए। इस सोच की वजह से हमारे होटल बिजनेस में हमेशा घाटा होता रहा और महीने के अंत में घर चलाने की चिंता बनी रहती थी।”

