नई दिल्ली। तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा को केंद्र सरकार ने दिल्ली के प्रतिष्ठित लुटियंस इलाके में एक सरकारी बंगला आवंटित किया है। मंगलवार को सामने आई जानकारी के मुताबिक, यह बंगला पंडित रविशंकर शुक्ला लेन पर स्थित है। आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय की ओर से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, सूत्रों ने बंगला आवंटित किए जाने की पुष्टि की है।
दलाई लामा को कहां आवंटित हुआ है बंगला?
सूत्रों के मुताबिक, दलाई लामा के कार्यालय गदेन फोडरंग ट्रस्ट को यह बंगला आवंटित किया गया है। यह आवंटन विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर किया गया है। सरकारी आवास का आवंटन आमतौर पर तीन साल के लिए किया जाता है। हालांकि, इसमें अवधि बढ़ाने का प्रावधान भी होता है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि दलाई लामा इस बंगले का इस्तेमाल कब से शुरू करेंगे।

