‘मेक इन इंडिया’ के तहत देश में ही होगा निर्माण, समुद्री निगरानी और बचाव अभियानों को मिलेगी मजबूती
भारतीय नौसेना और तटरक्षक बल की हवाई ताकत बढ़ाने के लिए करीब 15 हजार करोड़ रुपये की लागत से 76 नए यूटिलिटी हेलीकॉप्टर खरीदे जाएंगे। ये आधुनिक हेलीकॉप्टर दोनों बलों के पुराने हो चुके चेतक और चीता हेलीकॉप्टर बेड़े की जगह लेंगे। कुल 76 हेलीकॉप्टरों में से 51 भारतीय नौसेना को और 25 तटरक्षक बल को सौंपे जाएंगे। इन हेलीकॉप्टरों का मुख्य उपयोग समुद्री निगरानी, तटीय क्षेत्रों में टोही अभियान और आपातकालीन स्थितियों में खोज एवं बचाव कार्यों के लिए किया जाएगा।
रक्षा सूत्रों के अनुसार, 76 यूटिलिटी हेलीकॉप्टरों की खरीद के इस प्रस्ताव पर जल्द ही रक्षा मंत्रालय की एक उच्चस्तरीय बैठक में चर्चा होगी। इस पूरी खरीद प्रक्रिया को रक्षा अधिग्रहण प्रक्रिया की ‘बाय एंड मेक (इंडियन)’ श्रेणी के तहत पूरा किया जाएगा। इस व्यवस्था के अंतर्गत भारतीय कंपनियां विदेशी मूल उपकरण निर्माताओं (ओईएम) के साथ साझेदारी करके देश में ही इन हेलीकॉप्टरों का निर्माण करेंगी। इसमें विदेशी कंपनियों की तकनीक और भारतीय कंपनियों की निर्माण क्षमता का संयोजन किया जाएगा, जिससे घरेलू रक्षा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और विदेशी उपकरणों पर निर्भरता कम होगी।
दोनों बलों को अपने मौजूदा दो इंजन वाले हेलीकॉप्टरों के संचालन के दौरान कई तरह की तकनीकी और परिचालन दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी वजह से नए और आधुनिक यूटिलिटी हेलीकॉप्टरों की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

