अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में गला दबाकर उतारा मौत के घाट; बदनापुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया केस
जालना: महाराष्ट्र के जालना जिले में पारिवारिक कलह और नशे की लत के चलते एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है। शराब के नशे में अपनी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट करने वाले एक व्यक्ति की उसके ही दो सगे बेटों ने गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से बेटों ने पिता के शव को जालना के वाघुल डोंगरगांव इलाके में स्थित एक कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में दोनों सगे भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान वाशिम जिले के वाकड़ निवासी राजू देवकर (48 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं हत्या के आरोपी बेटों की पहचान सुनील देवकर (25 वर्ष) और अनिल देवकर (27 वर्ष) के तौर पर की गई है। बदनापुर पुलिस थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए बताया कि बीते 1 अक्टूबर को राजू देवकर अत्यधिक शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा था और उसने किसी घरेलू बात को लेकर अपनी पत्नी की जमकर पिटाई कर दी।
पिता द्वारा मां के साथ की जा रही लगातार मारपीट और दुर्व्यवहार को देखकर छोटा बेटा सुनील आगबबूला हो गया। उसने गुस्से में आकर डंडे से पिता राजू पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद दोनों भाई सुनील और अनिल अपने पिता को इलाज के लिए छत्रपति संभाजीनगर स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जा रहे थे।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में राजू देवकर शांत होने के बजाय नशे की हालत में सुनील को लगातार गालियां देता रहा। पिता की इस लगातार गाली-गलौज से आक्रोशित होकर सुनील ने अपना आपा खो दिया और चलती गाड़ी में ही पिता का गला दबा दिया, जिससे मौके पर ही उसकी सांसें थम गईं। पिता की मौत हो जाने के बाद दोनों भाइयों ने घबराकर शव को जालना के वाघुल डोंगरगांव स्थित एक सुनसान कुएं में फेंक दिया। बदनापुर थाना पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

